देहरादून: देहरादून जिले के कालसी क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिपुर-कोटी-क्वानू-मीनस राजमार्ग पर लालढांग के पास एक लोडर (पिकअप) वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में लुढ़कता हुआ टोंस नदी में जा गिरा। इस दुर्घटना में वाहन चालक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के अंबाड़ी निवासी अजय भाटी (26) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अजय भाटी लोडर वाहन में राशन का सामान लेकर विकासनगर से त्यूणी की ओर जा रहा था। इसी दौरान लालढांग के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में गिरते हुए टोंस नदी में जा समाया।
कोतवाली प्रभारी अरविंद चौधरी ने बताया कि बुधवार सुबह करीब आठ बजे चालक के परिजनों ने पुलिस से संपर्क कर जानकारी दी कि अजय भाटी त्यूणी के लिए निकला था, लेकिन वह निर्धारित समय तक वहां नहीं पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू की।
सूचना पर एसडीआरएफ की टीम इकाई प्रभारी सुरेश तोमर के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान लालढांग के पास टोंस नदी में एक वाहन गिरा हुआ दिखाई दिया। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था।
एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। चालक को गंभीर हालत में वाहन से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की आशंका जताई जा रही है। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर है।