हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार में नव नियुक्त कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि राज्य आपदा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है और पूर्व में आई विभिन्न आपदाओं के पीड़ितों को जल्द मुआवजा दिलाने के लिए सरकार ठोस कदम उठाएगी। उन्होंने बताया कि इस विषय पर जल्द ही विभागीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आपदा प्रभावितों को राहत राशि दिलाने के लिए आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
एक विशेष बातचीत में मंत्री मदन कौशिक ने अपने विभाग आपदा प्रबंधन, पुनर्वास एवं पुनर्गठन के साथ-साथ अपनी प्राथमिकताओं को साझा करते हुए कहा कि अब तक शहरी क्षेत्रों के विकास पर अधिक ध्यान दिया गया, लेकिन अब सरकार का लक्ष्य गांवों को योजनाबद्ध तरीके से विकसित करना है। उन्होंने कहा कि शहरों में बुनियादी ढांचा किसी न किसी रूप में उपलब्ध रहता है, जबकि गांवों में योजनाबद्ध विकास की आवश्यकता अधिक है।
आपदा प्रभावित क्षेत्रों की होगी समीक्षा
राज्य के कई क्षेत्रों, विशेष रूप से थराली और धराली सहित अन्य स्थानों पर आई आपदाओं में प्रभावित लोगों को अब तक मुआवजा नहीं मिलने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि विभागीय बैठक में इस मामले की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जाएगा कि किन कारणों से पीड़ितों को अब तक मुआवजा नहीं मिल सका और जल्द ही इस समस्या का समाधान करते हुए उन्हें राहत राशि दिलाई जाएगी।
पंचायतों को किया जाएगा मजबूत
प्रदेश में पंचायतों को अधिक अधिकार देने के सवाल पर मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार लगातार इस दिशा में प्रयास कर रही हैं कि पंचायतों को पर्याप्त अधिकार मिलें। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों को स्वतंत्र रूप से विकास कार्य करने का अधिकार है और सरकार चाहती है कि पंचायतें अपने संसाधनों को स्वयं विकसित करें तथा स्थानीय स्तर पर विकास को गति दें।
उत्तराखंड को आयुष हब बनाने की प्राथमिकता
आयुष शिक्षा मंत्री के रूप में अपनी प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए कौशिक ने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक संसाधनों के मामले में बेहद समृद्ध है। अन्य राज्यों में आयुष से जुड़े उत्पादों के लिए कच्चे माल की कमी रहती है, लेकिन उत्तराखंड में प्राकृतिक वातावरण और संसाधनों की भरपूर उपलब्धता है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि उत्तराखंड को आयुष और प्राकृतिक चिकित्सा का प्रमुख केंद्र बनाया जाए।
उन्होंने आयुर्वेद विश्वविद्यालय के शिक्षकों को लगभग एक वर्ष से वेतन न मिलने के मुद्दे पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस मामले में जल्द ही ठोस निर्णय लिया जाएगा और सभी पहलुओं की समीक्षा कर समाधान निकाला जाएगा।
2027 का कुंभ होगा दिव्य और भव्य
मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि वर्ष 2027 में आयोजित होने वाला कुंभ मेला अत्यंत दिव्य और भव्य होगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन की कमान स्वयं प्रदेश के मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संभाली जा रही है, इसलिए इसकी तैयारियां बड़े स्तर पर की जा रही हैं। कुंभ से जुड़ी विकास परियोजनाएं हरिद्वार जिले को नई पहचान देने का काम करेंगी।
मेहनती कार्यकर्ताओं के दम पर हासिल होगी जीत
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि संगठन हो या सरकार, मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं की हमेशा पहचान होती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और एकजुटता के दम पर भाजपा जिले के साथ-साथ पूरे प्रदेश में जीत हासिल करेगी। सभी दायित्वधारियों की जवाबदेही तय होगी और सामूहिक प्रयासों से बेहतर परिणाम सामने आएंगे।