देहरादून। राजधानी देहरादून में आयोजित फेमिना मिस इंडिया उत्तराखंड 2026 के ग्रैंड फिनाले में चमोली जिले की आंचल फरस्वाण ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। प्रदेशभर से आई 21 प्रतिभागियों के बीच हुए कड़े मुकाबले में आंचल ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व के दम पर निर्णायकों को प्रभावित करते हुए यह प्रतिष्ठित ताज हासिल किया। अब वह आगामी फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।
ग्रैंड फिनाले कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने विभिन्न राउंड के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रैंप वॉक, टैलेंट राउंड और सवाल-जवाब जैसे चरणों में प्रतिभागियों की क्षमता को परखा गया। इन सभी राउंड में आंचल फरस्वाण ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।
आंचल फरस्वाण मूल रूप से चमोली जिले के बंड क्षेत्र के पीपलकोटी स्थित किरुली गांव की रहने वाली हैं। हालांकि वर्तमान में उनका परिवार देहरादून में निवास कर रहा है। आंचल देहरादून में फिजियोथेरेपी की पढ़ाई कर रही हैं और पढ़ाई के साथ-साथ मॉडलिंग के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रही हैं।
आंचल के पिता रविंद्र फरस्वाण भारतीय सेना से सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। साधारण परिवार से आने वाली आंचल की इस उपलब्धि से उनके पैतृक गांव किरुली सहित पूरे बंड क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
स्थानीय लोगों और परिचितों ने आंचल को इस उपलब्धि पर बधाई दी है और उम्मीद जताई है कि वह राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखंड और चमोली जिले का नाम रोशन करेंगी।