धामी कैबिनेट विस्तार: पांच साल बाद पूरी हुई सरकार की टीम, बहुगुणा के बाद धामी के नाम दर्ज हुआ रिकॉर्ड
उत्तराखंड में लंबे समय से चल रही चर्चाओं और राजनीतिक हलचल के बीच आखिरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी कैबिनेट का विस्तार कर दिया है। नए मंत्रियों के शपथ लेने के साथ ही राज्य में मुख्यमंत्री समेत 12 सदस्यों की पूरी सरकार तैयार हो गई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश की राजनीति में एक अहम रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है।
दरअसल, उत्तराखंड की निर्वाचित सरकारों के इतिहास में मुख्यमंत्री के अलावा 11 कैबिनेट मंत्रियों के साथ पूरी टीम बनाने का रिकॉर्ड सबसे पहले वर्ष 2012 में तत्कालीन मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के कार्यकाल में बना था। अब यह उपलब्धि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम भी दर्ज हो गई है। खास बात यह है कि धामी ने यह उपलब्धि दो बार हासिल की है।
मुख्यमंत्री धामी की पहली सरकार (धामी-1) में भी 11 कैबिनेट मंत्री शामिल थे। वहीं दूसरी सरकार (धामी-2) की शुरुआत मार्च 2022 में आठ मंत्रियों के साथ हुई थी। बाद में मंत्री चंदन रामदास के निधन और प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद मंत्रियों की संख्या घटकर छह रह गई थी। अब नए मंत्रियों को शामिल करने के बाद कैबिनेट में मंत्रियों की संख्या फिर से 11 हो गई है और सरकार की पूरी टीम बन गई है।
कैबिनेट विस्तार को लेकर पिछले काफी समय से राजनीतिक गलियारों में चर्चा चल रही थी। क्षेत्रीय और जातीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री धामी ने आखिरकार अपनी पूरी टीम तैयार कर ली है।
उत्तराखंड की विभिन्न सरकारों में कैबिनेट मंत्रियों की संख्या
उत्तराखंड राज्य गठन के बाद अलग-अलग सरकारों में कैबिनेट मंत्रियों की संख्या अलग रही है।
नारायण दत्त तिवारी सरकार (2002–2007)
प्रदेश की पहली निर्वाचित सरकार में मुख्यमंत्री के अलावा 9 कैबिनेट मंत्री थे।
भुवन चंद्र खंडूरी सरकार (2007–2009)
इस सरकार में मुख्यमंत्री के अलावा 9 कैबिनेट मंत्री शामिल थे।
रमेश पोखरियाल निशंक सरकार (2009–2011)
इस कार्यकाल में मुख्यमंत्री के अलावा 7 कैबिनेट मंत्री रहे।
भुवन चंद्र खंडूरी सरकार-2 (2011–2012)
दूसरी खंडूरी सरकार में मुख्यमंत्री के अलावा 6 कैबिनेट मंत्री थे।
विजय बहुगुणा सरकार (2012–2014)
इस सरकार में मुख्यमंत्री के अलावा 11 कैबिनेट मंत्री थे, जो उस समय का सबसे बड़ा कैबिनेट गठन था।
हरीश रावत सरकार (2014–2017)
इस कार्यकाल में मुख्यमंत्री के अलावा 9 कैबिनेट मंत्री शामिल थे।
त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार (2017–2021)
इस सरकार में मुख्यमंत्री के अलावा 6 कैबिनेट मंत्री थे।
तीरथ सिंह रावत सरकार (2021)
इस सरकार में मुख्यमंत्री के अलावा 8 कैबिनेट मंत्री शामिल रहे।
पुष्कर सिंह धामी सरकार-1 (जुलाई 2021 – मार्च 2022)
इस सरकार में 11 कैबिनेट मंत्री थे।
पुष्कर सिंह धामी सरकार-2 (23 मार्च 2022 से)
दूसरी धामी सरकार की शुरुआत आठ कैबिनेट मंत्रियों के साथ हुई थी, लेकिन अब कैबिनेट विस्तार के बाद मंत्रियों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है और मुख्यमंत्री समेत 12 सदस्यों की पूरी टीम तैयार हो गई है।
इस तरह कैबिनेट विस्तार के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर उत्तराखंड की राजनीति में पूर्ण कैबिनेट गठन का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।