उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, चारों धाम में ताजा बर्फबारी; कई जिलों में तेज हवाओं और बिजली गिरने का अलर्ट

देहरादून: उत्तराखंड में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे ठंड का असर एक बार फिर बढ़ गया है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में सुबह से ही बर्फबारी होने के कारण पहाड़ बर्फ की सफेद चादर से ढक गए।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। सुबह चारों धाम में हुई बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंड का असर बढ़ गया है। बर्फबारी के बाद इन क्षेत्रों में प्राकृतिक सौंदर्य और भी निखर गया है, जिससे आसपास का दृश्य बेहद मनमोहक नजर आ रहा है।

वहीं मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले जिलों में मौसम का अलग रूप देखने को मिल रहा है। कई इलाकों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ मौसम खराब बना हुआ है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है, जबकि 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रह सकती है।

मौसम विभाग ने हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

इसके अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में भी मौसम के बिगड़ने की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।

मौसम विभाग ने विशेष रूप से बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना भी जताई है। विभाग के अनुसार अगले एक से दो दिनों में प्रदेश के तापमान में लगभग 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

खराब मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *