देहरादून। उत्तराखंड में हवाई संपर्क को मजबूत करने के प्रयासों के तहत जल्द ही देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच उड़ान सेवा शुरू होने जा रही है। इस संबंध में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर जानकारी दी है।
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने अपने पत्र में बताया कि क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस) के अंतर्गत देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवा शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए मैसर्स स्काईहॉप एविएशन प्राइवेट लिमिटेड की ओर से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद कंपनी इस रूट पर आरसीएस उड़ानों का संचालन शुरू करेगी।
दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री को पत्र लिखकर देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवाओं को मजबूत करने का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री ने कहा था कि इस सेवा के शुरू होने से कुमाऊं मंडल के सीमांत जिलों को राजधानी से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
बताया गया है कि इससे पहले इस रूट पर हवाई सेवा का संचालन मैसर्स फ्लाइबिंग कंपनी कर रही थी। हालांकि, बाद में कंपनी ने आरसीएस उड़ानों के संचालन का अधिकार स्काईहॉप एविएशन को सौंप दिया। अब स्काईहॉप एविएशन की ओर से उड़ान सेवा शुरू करने के लिए जरूरी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।
केंद्र सरकार की ओर से देहरादून और पिथौरागढ़ के बीच नियमित विमान सेवाएं शुरू करने के लिए अन्य विमानन कंपनियों से भी संपर्क किया जा रहा है। इसके लिए संबंधित कंपनियों को पत्र भेजे जा रहे हैं, ताकि भविष्य में इस रूट पर उड़ानों की संख्या बढ़ाई जा सके।
विशेषज्ञों का मानना है कि देहरादून-पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवा शुरू होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और सीमांत क्षेत्र के लोगों को भी तेज व सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिल सकेगा। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में भी यह सेवा काफी उपयोगी साबित होगी। ✈️