देहरादून: गांधी नगर में देह व्यापार का भंडाफोड़, मकान पर छापा; दो संचालक समेत तीन गिरफ्तार
देहरादून में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चकराता रोड स्थित गांधी नगर क्षेत्र में चल रहे अवैध देह व्यापार के नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान मकान से दो संचालकों और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन महिलाओं को पीड़ित के रूप में चिन्हित करते हुए सुरक्षित संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक प्रभारी निरीक्षक प्रदीप पंत के नेतृत्व में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांधी नगर में रघुनाथ मंदिर के पास एक मकान में अवैध देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाया और संदिग्ध मकान पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान मकान की पहली मंजिल पर तीन महिलाएं और दो पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। पुलिस ने मौके से दो संचालकों और एक ग्राहक को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
मकान मालिक ने कबूला देह व्यापार चलाने का आरोप
पूछताछ के दौरान मकान मालिक रानी देवी ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि वह अपने सहयोगी आशीष कुमार पांडे के साथ मिलकर मकान में देह व्यापार का संचालन कर रही थी। दोनों मिलकर ग्राहकों से संपर्क करते थे और पूरे नेटवर्क को संचालित करते थे।
वहीं पकड़ा गया तीसरा व्यक्ति फुल्लो खान ग्राहक के रूप में वहां आया हुआ था। पुलिस ने उसे भी मौके से गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल फोन से मिले सौदेबाजी के सबूत
पुलिस ने छापेमारी के दौरान नकदी और अन्य सामग्री बरामद की है। बरामद मोबाइल फोन की जांच में व्हाट्सएप चैट के जरिए ग्राहकों से संपर्क और सौदेबाजी किए जाने के कई सबूत भी मिले हैं।
तीनों महिलाओं ने पूछताछ में बताया कि वे आर्थिक तंगी के कारण इस काम में फंस गई थीं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्हें बेहतर नौकरी का झांसा देकर यहां लाया गया था। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया तीनों महिलाएं पीड़ित प्रतीत हो रही हैं, इसलिए उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने रानी देवी और आशीष कुमार पांडे के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4, 5, 6 और 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वहीं ग्राहक फुल्लो खान के खिलाफ धारा 5 और 7 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।