देहरादून: रिस्पना किनारे खंडहर में मिली 26 वर्षीय युवती की लाश, ओवरडोज या हत्या? शरीर पर मिले चोट के निशान

देहरादून: खंडहर में मिली युवती की लाश, ड्रग्स ओवरडोज से मौत की आशंका, पुलिस कर रही जांच

देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब रिस्पना नदी किनारे स्थित एक खंडहरनुमा मकान में 26 वर्षीय युवती का शव बरामद हुआ। घटना चूना भट्टा इलाके की बताई जा रही है। पुलिस प्रारंभिक जांच में ड्रग्स की ओवरडोज से मौत की आशंका जता रही है, लेकिन शव पर चोट के निशान मिलने के कारण हत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक सोमवार दोपहर चूना भट्टा के पास एक खंडहरनुमा मकान में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

मृतका की पहचान शिवानी अरोरा (26) निवासी पंचपुरी सूरज बस्ती, अधोईवाला, थाना रायपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिवानी की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। वह लंबे समय से नशे की लत की शिकार थी और तीन बार नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती भी रह चुकी थी।

परिजनों के अनुसार शिवानी को फिर से हरिद्वार स्थित नशा मुक्ति केंद्र भेजने की तैयारी चल रही थी। लेकिन वह पिछले तीन से चार दिनों से घर नहीं लौटी थी, जिससे परिवार के लोग चिंतित थे।

घटनास्थल पर पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई की और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्र किए। बाद में परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की।

पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया ड्रग्स की ओवरडोज से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि युवती की आंख और पैर में चोट के निशान भी मिले हैं, जिसके चलते हत्या की संभावना को भी ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि शुरुआती जांच में महिला की मौत नशे के ओवरडोज से होने की आशंका है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *