गंगा तट पर शुरू हुआ सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव
ऋषिकेश के मुनि की रेती स्थित गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) के गंगा रिजॉर्ट में सोमवार से सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का भव्य शुभारंभ हो गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। गंगा तट पर आयोजित इस महोत्सव में देश-विदेश से आए योग साधकों, संतों और योगाचार्यों की उपस्थिति में कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना के साथ हुई।
आयोजन में इस बार करीब 2500 योग जिज्ञासुओं ने पंजीकरण कराया है, जिनमें लगभग 220 विदेशी प्रतिभागी शामिल हैं। इसके अलावा देशभर के करीब 150 योग संस्थानों और योग केंद्रों के साधक भी महोत्सव में भाग ले रहे हैं। सात दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में 80 योगाचार्यों के मार्गदर्शन में करीब 250 योग, ध्यान और आध्यात्मिक सत्र आयोजित किए जाएंगे।
योग केवल व्यायाम नहीं, संपूर्ण जीवन पद्धति: सीएम
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि योग अब केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि संपूर्ण जीवन शैली बन चुका है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन विरासत है और इसके माध्यम से शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से उत्तराखंड सरकार ऋषिकेश को विश्व की योग राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि वर्तमान समय में 180 से अधिक देशों में लोग योग का अभ्यास कर रहे हैं, जो भारत की सांस्कृतिक पहचान को विश्व स्तर पर स्थापित कर रहा है।
प्रदेश में बनाए जाएंगे पांच नए योग हब
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में पांच नए योग हब स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा आयुष वेलनेस सेंटर के माध्यम से भी योग और आयुर्वेद को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वस्थ जीवन शैली को अपनाएं।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा महोत्सव
महोत्सव के दौरान योग सत्रों के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। इसमें गढ़वाली लोकनृत्य, राजस्थान की प्रसिद्ध कालबेलिया नृत्य शैली, पंजाब का भांगड़ा और ऋषिकेश के नाद योग सेंटर की ओर से नाद योग की प्रस्तुति दी गई। इसके अलावा गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय हरिद्वार के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न योग क्रियाओं का प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने हेरिटेज वॉक डॉक्यूमेंट्री और ‘गॉडलैंड’ पुस्तक का विमोचन भी किया। शाम के सांध्यकालीन सत्र में प्रसिद्ध गायक लखविंदर वडाली की प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
चौरासी कुटिया को बनाया गया हेरिटेज वॉक
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव में प्रतिभागियों के लिए महर्षि महेश योगी की प्रसिद्ध चौरासी कुटिया को हेरिटेज वॉक के रूप में शामिल किया गया है। इसके साथ ही महोत्सव के दौरान योग क्रॉस कंट्री रेस का भी आयोजन किया जाएगा।
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि ऋषिकेश को योग की राजधानी के रूप में विश्वभर में पहचान मिली है और गंगा तट पर योगाभ्यास के लिए गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
चारधाम यात्रा के लिए 5.86 लाख से अधिक पंजीकरण
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि 6 मार्च से अब तक चारधाम यात्रा के लिए लगभग 5 लाख 86 हजार श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है। इनमें यमुनोत्री के लिए 1,07,751, गंगोत्री के लिए 1,10,122, केदारनाथ के लिए 1,95,847 और बदरीनाथ के लिए 1,72,669 श्रद्धालु शामिल हैं।
बजरंग सेतु के उद्घाटन पर जल्द फैसला
महोत्सव में पहुंचे मुख्यमंत्री से जब मीडिया ने लक्ष्मणझूला क्षेत्र में टिहरी और पौड़ी को जोड़ने वाले बजरंग सेतु के उद्घाटन के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि पुल का उद्घाटन जल्द किया जाएगा। वहीं बापूग्राम, शिवाजीनगर और मीरानगर समेत वन भूमि प्रकरण से जुड़े क्षेत्रों को राजस्व ग्राम घोषित करने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी।