अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा: 60 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, पीएनबी कैशियर की मौत

Almora News: खाई में गिरी कार, पीएनबी कैशियर की मौके पर मौत

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां कार के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने से पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के एक कैशियर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर करीब दो घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया।

पुलिस के अनुसार यह हादसा सल्ट थाना क्षेत्र के कूपी बैंड के पास हुआ। बताया जा रहा है कि कार करीब 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी थी।

थलीसैंण से काशीपुर लौट रहे थे सुभाष

मृतक की पहचान सुभाष सिंह बिष्ट (35) पुत्र धीरेंद्र सिंह बिष्ट निवासी कचनाल गाजी, काशीपुर के रूप में हुई है। वह थलीसैंण से कार से अपने घर लौट रहे थे।

रास्ते में कूपी बैंड के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से फिसलकर लगभग 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। रात का समय होने के कारण आसपास के लोगों को घटना की जानकारी नहीं हो सकी।

सुबह दिखी खाई में गिरी कार

शनिवार सुबह करीब 7:25 बजे स्थानीय लोगों की नजर खाई में गिरी कार पर पड़ी। इसके बाद तुरंत सल्ट थाना पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद कार के अंदर फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सुभाष सिंह बिष्ट पंजाब नेशनल बैंक में कैशियर के पद पर कार्यरत थे। शनिवार और रविवार को छुट्टी होने के कारण वह अपने परिवार और बच्चों से मिलने घर आ रहे थे। परिजन उनके घर पहुंचने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन सुबह हादसे की खबर मिलते ही पूरे परिवार में मातम छा गया।

पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार सुभाष परिवार के बेहद जिम्मेदार सदस्य थे।

खतरनाक सड़कें बढ़ा रहीं हादसों का खतरा

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में घुमावदार और संकरी सड़कों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। सल्ट क्षेत्र की कई सड़कें भी काफी संकरी और जोखिम भरी हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक कूपी बैंड के पास पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। कई जगहों पर पैराफिट और सुरक्षा बैरियर नहीं होने के कारण वाहन सीधे खाई में गिरने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *