देहरादून: राजधानी देहरादून के दूल्हा बाजार में हुए बहुचर्चित गुंजन श्रीवास्तव हत्याकांड में अब न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। अदालत ने पुलिस की ओर से दाखिल की गई चार्जशीट का संज्ञान ले लिया है। मामले में अब 19 मार्च को अदालत में आरोप तय किए जाएंगे, जिसके बाद नियमित सुनवाई शुरू होगी।
बताया जा रहा है कि दो फरवरी को दूल्हा बाजार क्षेत्र में गुंजन श्रीवास्तव की चापड़ से काटकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई थी और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। एसआईटी ने तेजी से कार्रवाई करते हुए साक्ष्य जुटाए और महज तीन दिनों के भीतर अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी। यह चार्जशीट पांच फरवरी को न्यायालय में प्रस्तुत की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोप पत्र तैयार किया। चार्जशीट में कुल 35 गवाहों को शामिल किया गया है। अदालत ने आरोप पत्र को स्वीकार करते हुए उसका संज्ञान ले लिया है।
अब आगामी 19 मार्च को अदालत में आरोप तय किए जाएंगे। इसके बाद इस बहुचर्चित हत्याकांड की नियमित सुनवाई शुरू होगी। मामले में पीड़ित परिवार की निगाहें अब अदालत की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस की ओर से अदालत में मजबूत पैरवी की जाएगी, ताकि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।
एसआईटी ने मामले को बताया दुर्लभतम अपराध
गुंजन श्रीवास्तव हत्याकांड की जांच एसपी सिटी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने की थी। जांच के दौरान इस मामले को ‘रेयरेस्ट ऑफ रेयर’ यानी दुर्लभतम श्रेणी का अपराध माना गया है।
एसआईटी ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट, चश्मदीद गवाहों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को विवेचना में शामिल करते हुए महज तीन दिनों में आरोपी के खिलाफ आरोप पत्र अदालत में दाखिल कर दिया था।
जांच के दौरान टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा फारेंसिक टीम की मदद से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए गए। घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीदों और अन्य गवाहों के तत्काल बयान दर्ज किए गए।
इस मामले में कुल 35 गवाहों के बयान दर्ज किए गए हैं। अब 19 मार्च को अदालत में आरोप तय होने के बाद मामले की सुनवाई आगे बढ़ेगी।