देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महिला मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए विशेष रणनीति तैयार की है। पार्टी ने ‘कीर्तन-नवरात्र प्लान’ के तहत महिलाओं से जुड़ने के लिए धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित करने का निर्णय लिया है। इन कार्यक्रमों की जिम्मेदारी भाजपा महिला मोर्चा को सौंपी गई है और यह आयोजन मंडल स्तर तक किए जाएंगे।
भाजपा संगठन का मानना है कि पारंपरिक और धार्मिक आयोजनों के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाओं से सीधे संवाद स्थापित किया जा सकता है। इसी के तहत प्रदेश भर में कीर्तन मंडलियों में महिला मोर्चा की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इन आयोजनों में महिलाएं कीर्तन और सांस्कृतिक गतिविधियों में हिस्सा लेंगी, साथ ही उन्हें सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी भी दी जाएगी।
नवरात्र में प्रतिदिन होंगे विशेष कार्यक्रम
पार्टी की योजना के अनुसार नवरात्र के नौ दिनों के दौरान अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएंगी। इसके अलावा हरियाली तीज जैसे पारंपरिक त्योहारों को भी महिलाओं के साथ मिलकर मनाया जाएगा। इन आयोजनों का उद्देश्य महिलाओं के साथ संवाद बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है।
महिला मतदाताओं पर भाजपा की विशेष नजर
प्रदेश में महिला मतदाताओं की बड़ी संख्या को देखते हुए भाजपा इस वर्ग पर खास ध्यान दे रही है। जनवरी के आंकड़ों के अनुसार उत्तराखंड में कुल 84,29,459 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 40,64,488 महिला मतदाता शामिल हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भी महिला मतदाताओं ने भाजपा को बड़ी जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसी कारण पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले महिला मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।
बजट में भी महिलाओं पर विशेष ध्यान
राज्य सरकार ने हाल ही में पेश किए गए बजट में भी महिलाओं से जुड़ी योजनाओं पर विशेष फोकस किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रस्तुत बजट में जेंडर बजट में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। पिछले वित्तीय वर्ष में जेंडर बजट में 2,423 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी करते हुए इसे 16,961.32 करोड़ रुपये किया गया था। इस वर्ष इसमें 2,730 करोड़ रुपये की और वृद्धि करते हुए कुल प्रावधान 19,692.02 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
महिला मोर्चा को सौंपी गई जिम्मेदारी
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए महिला मोर्चा को त्योहारों से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन की विशेष जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की पदाधिकारी मंडल स्तर तक इन आयोजनों में भाग लेंगी और सरकार द्वारा किए गए जनकल्याणकारी कार्यों तथा योजनाओं की जानकारी महिलाओं तक पहुंचाने का प्रयास करेंगी।