देहरादून: मांडूवाला जंगल में कट्टे में बंद मिली युवती की लाश, पुलिस जांच में जुटी

मांडूवाला जंगल में कट्टे में बंद मिली युवती की लाश, छह दिन पुरानी शव से फैली सनसनी

देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला इलाके में जंगल से कट्टे में बंद एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शिनाख्त और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मांडूवाला इलाके में सड़क किनारे जंगल से तेज दुर्गंध उठ रही थी। स्थानीय लोगों ने यह देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कट्टे को खोला तो उसमें एक महिला का शव मिला।

पुलिस के मुताबिक मृतका की उम्र लगभग 30 से 35 साल है। शुरुआती जांच में शव छह दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव को घुटनों को मोड़कर कट्टे में रखा गया था, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि हत्या के बाद शव को छिपाने के लिए जंगल में फेंका गया।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस जिले के सभी थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है ताकि मृतका की पहचान की जा सके। वहीं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण और हत्या में शामिल संदिग्धों का पता चल सकेगा। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोग इस घटना से दहशत में हैं और पुलिस ने उन्हें शांति बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *