देहरादून। राजधानी देहरादून में आयोजित ऐतिहासिक श्री झंडे जी मेले के दौरान श्रद्धा और आस्था का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है। श्री झंडे जी के आरोहण के तीसरे दिन मंगलवार को भव्य नगर परिक्रमा निकाली गई, जिसमें देश-विदेश से आई संगत सहित हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। नगर परिक्रमा का नेतृत्व श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने किया।
सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री दरबार साहिब में एकत्रित होने लगे थे। पूजा-अर्चना के बाद नगर परिक्रमा की शुरुआत हुई। श्रद्धालुओं के जयकारों और भक्ति गीतों के बीच निकली यह परिक्रमा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां जगह-जगह लोगों ने संगत का स्वागत किया।
नगर परिक्रमा श्री दरबार साहिब से प्रारंभ होकर सहारनपुर चौक, कांवली रोड, एसजीआरआर बिंदाल, तिलक रोड, चकराता रोड, घंटाघर और पलटन बाजार से होते हुए पुनः श्री दरबार साहिब पहुंचकर संपन्न हुई।
इस अवसर पर श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने संगत को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु की शरण में आने से ही मनुष्य को जीवन का सच्चा मार्ग प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि गुरु की वाणी अमृत के समान है, जो मानव जीवन को पवित्र और सफल बनाती है।
उन्होंने कहा कि भक्ति, सेवा और सत्कर्म ही मानव जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं और जो व्यक्ति सच्चे मन से गुरु का स्मरण करता है, उस पर सद्गुरु की असीम कृपा बनी रहती है।
नगर परिक्रमा के दौरान एसजीआरआर बॉम्बेबाग में श्रद्धालुओं को गन्ने का प्रसाद वितरित किया गया। वहीं, श्री दरबार साहिब परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेते हुए लगभग 200 यूनिट रक्तदान किया।
मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने बताया कि नगर परिक्रमा दूनवासियों के लिए एक ऐतिहासिक अवसर होता है। इस दौरान देश-विदेश से आई संगत और स्थानीय लोगों के बीच आस्था, सेवा और भाईचारे का अनूठा संगम देखने को मिलता है। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।