देहरादून पुलिस में फेरबदल: राजेन्द्र खोलिया बने रानीपोखरी के नए थानाध्यक्ष, विकेंद्र चौधरी पुलिस कार्यालय भेजे गए

देहरादून: जनपद देहरादून में पुलिस विभाग में प्रशासनिक बदलाव की शुरुआत हो गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र डोबाल ने कार्यभार संभालने के बाद पहली तबादला सूची जारी करते हुए रायवाला कोतवाली और रानीपोखरी थाने के प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस संबंध में देर रात आदेश जारी कर दिए गए।

आदेश के अनुसार रायवाला कोतवाली में तैनात प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र खोलिया को रानीपोखरी थाने का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं रानीपोखरी के वर्तमान थानाध्यक्ष विकेंद्र चौधरी को पुलिस कार्यालय देहरादून में तैनात किया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, रायवाला कोतवाली में फिलहाल नए प्रभारी निरीक्षक की नियुक्ति नहीं की गई है। संभावना जताई जा रही है कि यहां किसी प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी को तैनात किया जा सकता है।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल की ओर से जारी की गई यह पहली तबादला सूची पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल की शुरुआत मानी जा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जनपद में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए पुलिस महकमे में और भी बदलाव किए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *