Srinagar Garhwal News: कीर्तिनगर में होली के दिन मारपीट के बाद व्यापारियों का प्रदर्शन, बाजार बंद कर एसडीएम कार्यालय पहुंचे

श्रीनगर गढ़वाल: पौड़ी जिले के कीर्तिनगर नगर क्षेत्र में होली के दिन हुई मारपीट की घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में गुरुवार को व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय पहुंचकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान व्यापारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

मिली जानकारी के अनुसार, होली के दिन कीर्तिनगर बाजार चेक पोस्ट के पास कुछ युवकों और व्यापारियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कीर्तिनगर नैथाना क्षेत्र के कुछ युवकों ने व्यापारियों के साथ अभद्रता की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया।

इस मारपीट में एक व्यापारी के सिर पर गंभीर चोट आई है, जबकि दो अन्य लोग भी घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखी गई।

घटना के विरोध में गुरुवार को व्यापारियों ने कीर्तिनगर बाजार बंद रखा और बड़ी संख्या में एसडीएम कार्यालय और कोतवाली कीर्तिनगर पहुंचकर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने प्रशासन से नगर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी कैमरों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने, ओवरस्पीड वाहनों पर कार्रवाई करने और मारपीट के दोषियों के खिलाफ कड़ी पुलिस कार्रवाई की मांग उठाई।

मामले को लेकर उपजिलाधिकारी कीर्तिनगर मंजू राजपूत ने प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों से बातचीत की और उन्हें आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नगर की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *