देहरादून में शादी के तीन महीने बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

देहरादून: शादी के तीन महीने बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का आरोप

देहरादून में शादी के महज तीन महीने बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मृतका कहकशा आलम का निकाह 19 नवंबर 2025 को देहरादून के रिस्पना नगर निवासी शहबाज आलम के साथ हुआ था। मृतका के भाई सलमान आसिफ, निवासी रुद्रप्रयाग, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि निकाह के समय उनकी ओर से ससुराल पक्ष की मांग के अनुसार दान-दहेज दिया गया था। इसके बावजूद शादी के बाद से ही ससुराल वाले उनकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे थे।

परिजनों का आरोप है कि 18 फरवरी 2026 को कहकशा ने फोन कर बताया था कि ससुराल पक्ष प्लॉट खरीदने के लिए 50 लाख रुपये की मांग कर रहा है। इसके बाद 3 मार्च की रात करीब 11 बजे भी उसने फोन कर बताया कि पति, सास, ससुर, देवर और ननद उस पर पैसे लाने का दबाव बना रहे हैं।

मायके पक्ष के अनुसार, उसी रात करीब 1:30 बजे मृतका के ससुर यासीन का फोन आया और बताया गया कि कहकशा की तबीयत खराब हो गई है। सूचना मिलने पर परिजन तुरंत देहरादून पहुंचे, जहां अस्पताल में उन्हें जानकारी मिली कि ससुराल पक्ष कहकशा को मृत अवस्था में लेकर आया था।

मृतका के परिवार ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति शहबाज, सास खुशनुदा, ससुर यासीन, देवर सरताज और ननद शबनम ने मिलकर कहकशा की हत्या कर दी।

फिलहाल पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *