हरिद्वार में 7 मार्च को विशेष कार्यक्रम, अमित शाह पांच लोगों को देंगे भारतीय नागरिकता प्रमाणपत्र

हरिद्वार। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सात मार्च को हरिद्वार दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के तहत पांच पात्र व्यक्तियों को भारतीय नागरिकता के प्रमाणपत्र प्रदान करेंगे। प्रमाणपत्र मिलने के बाद सभी लाभार्थी आधिकारिक रूप से भारत के नागरिक बन जाएंगे।

जानकारी के अनुसार, गृह मंत्री हरिद्वार में आयोजित एक समीक्षा बैठक में भाग लेंगे, जहां केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं और कार्यों की प्रगति पर चर्चा की जाएगी। इसी कार्यक्रम के दौरान नागरिकता प्रमाणपत्र वितरण का आयोजन किया जाएगा।

जनगणना निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि जिन पांच लोगों को नागरिकता दी जानी है, उनके नाम राज्य सरकार को भेजे जा चुके हैं। सभी आवेदनों की विधिवत जांच और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। नियमानुसार पात्र पाए जाने पर उन्हें नागरिकता प्रमाणपत्र सौंपे जाएंगे।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बीते एक वर्ष में जनगणना निदेशालय के माध्यम से पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए 162 लोगों को सीएए के तहत भारतीय नागरिकता प्रदान की जा चुकी है। इनमें अधिकांश लोग 1990 के दशक या वर्ष 2000 से 2010 के बीच भारत आए थे और लंबे समय से यहां निवास कर रहे थे।

इसके अलावा बांग्लादेश से आए कुछ लोगों ने भी सीएए के तहत नागरिकता के लिए आवेदन किया है। संबंधित आवेदनों की प्रक्रिया फिलहाल जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हरिद्वार में होने वाला यह कार्यक्रम सीएए के तहत नागरिकता प्रदान करने की प्रक्रिया का हिस्सा है और इसे प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *