Dehradun में होली पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था, हुड़दंगियों पर होगी कड़ी कार्रवाई: एसएसपी

देहरादून। होली पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए दून पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। त्योहार को देखते हुए पूरे जनपद में अलर्ट जारी किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि होली की आड़ में हुड़दंग या अराजकता फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को सीधे हवालात भेजा जाएगा।

पिछले वर्षों के विवादों का किया गया विश्लेषण

पुलिस प्रशासन ने होली से पहले बीते वर्षों में सामने आए विवादों और घटनाओं का विश्लेषण किया है। इसके आधार पर ऐसे अराजक तत्वों को चिह्नित किया गया है, जो त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था प्रभावित कर सकते हैं। इन व्यक्तियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

सभी थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है।

जनपद को सुपर जोन और सेक्टर में बांटा

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिले को तीन सुपर जोन, आठ जोन, 21 सेक्टर और 53 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है।

  • सुपर जोन में अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी तैनात रहेंगे।
  • जोन की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी को सौंपी गई है।
  • सेक्टर में थाना प्रभारी निगरानी करेंगे।
  • सब-सेक्टर में उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारी तैनात किए गए हैं।

इसके साथ ही मोबाइल पुलिस टीमें और स्टेटिक फोर्स लगातार गश्त कर हालात पर नजर रखेंगी।

संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल, सोशल मीडिया पर नजर

संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। त्वरित कार्रवाई के लिए सभी थाना क्षेत्रों में पीसीआर वाहन सक्रिय रखे गए हैं।

पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी 24 घंटे निगरानी कर रही है। भ्रामक सूचना फैलाने या विवादित पोस्ट डालकर माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

होलिका दहन पर भी रही सतर्कता

होलिका दहन के दौरान भी पुलिस बल विभिन्न स्थानों पर तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी नजर रखी गई।

एसएसपी ने आमजन से अपील की है कि वे होली को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि पर्व शांति और उल्लास के साथ संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *