Uttarakhand Weather News: मार्च के पहले दिन ही गर्मी का रिकॉर्ड, देहरादून का पारा सामान्य से 6 डिग्री ऊपर

उत्तराखंड में बढ़ने लगी गर्मी, मार्च की शुरुआत रही असामान्य

देहरादून। उत्तराखंड में मार्च महीने की शुरुआत के साथ ही मौसम ने करवट ले ली है और गर्मी ने समय से पहले अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेशभर में दिनभर तेज धूप खिलने से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मैदानों के साथ-साथ पहाड़ी क्षेत्रों में भी मौसम शुष्क रहने से गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है।

रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग छह डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार मार्च के पहले दिन इतना अधिक तापमान पिछले दस वर्षों में पहली बार रिकॉर्ड किया गया है।


दस साल का रिकॉर्ड टूटा

मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों पर नजर डालें तो बीते एक दशक में मार्च की शुरुआत इतनी गर्म कभी नहीं रही। केवल 26 मार्च 2021 को देहरादून का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था, जो अब तक का ऑलटाइम रिकॉर्ड बना हुआ है। इसके अलावा पूरे मार्च महीने में भी इतना अधिक तापमान कम ही देखने को मिला है।

विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार मार्च की शुरुआत से ही तापमान में तेजी यह संकेत दे रही है कि आने वाले दिनों में गर्मी नए रिकॉर्ड बना सकती है।


जलवायु परिवर्तन और कम बारिश बना कारण

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार तापमान में बढ़ोतरी का मुख्य कारण जलवायु परिवर्तन और मौसम के बदलते पैटर्न हैं। जनवरी और फरवरी महीने में अपेक्षित बारिश नहीं होने से वातावरण में नमी की कमी रही, जिसके चलते तापमान तेजी से बढ़ रहा है।


पिछले 10 वर्षों में मार्च का अधिकतम तापमान (देहरादून)

वर्षदिनांकतापमान (°C)
202526 मार्च29.0
202429 मार्च27.7
202321 मार्च29.8
202228 मार्च25.7
202126 मार्च31.8
202013 मार्च29.2
201922 मार्च26.2
201823 मार्च29.5
201728 मार्च28.4
201620 मार्च28.5

इस सप्ताह मौसम रहेगा शुष्क

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड में 6 मार्च तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। शुष्क मौसम के कारण सामान्य तापमान में 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।

हालांकि 7 मार्च को पर्वतीय जिलों में मौसम बदलने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है।


लोगों को दी गई सावधानी बरतने की सलाह

विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय तेज धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। मार्च की शुरुआत में ही बढ़ती गर्मी इस वर्ष लंबे और अधिक गर्म मौसम की ओर संकेत कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *