सोशल मीडिया वीडियो से बढ़ा राजनीतिक विवाद
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में ‘डांस पार्टी’ को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन द्वारा सोशल मीडिया पर जारी वीडियो के बाद कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।
चैंपियन ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल पर वर्ष 2002 में मुंबई के एक डांस क्लब में ले जाने का आरोप लगाया। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत का नाम लेते हुए पुराने ‘जैनी प्रकरण’ का भी उल्लेख किया।
गोदियाल का पलटवार
आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए गणेश गोदियाल ने कहा कि वर्ष 2002-03 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा और कांग्रेस के विधायकों की संयुक्त ड्यूटी लगी थी। सभी नेता एक ही विमान से मुंबई गए थे। एयरपोर्ट पर दोनों दलों के विधायकों ने दावत की मांग की थी।
गोदियाल के अनुसार, उन्होंने पहले अपने घर पर आयोजन की बात कही, लेकिन बाद में नजदीकी रेस्टोरेंट में दावत रखी गई। भोजन के दौरान चैंपियन ने कथित तौर पर कहा कि “मुंबई आए हैं तो नाच-गाना भी होना चाहिए।” इसके बाद एक अन्य क्लब में जाने की व्यवस्था की गई, जहां सामान्य डांस कार्यक्रम चल रहा था।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उस कार्यक्रम में कोई अनैतिक गतिविधि नहीं थी। कुछ विधायक डांस फ्लोर तक गए थे, लेकिन 24 साल बाद इस घटना को राजनीतिक मुद्दा बनाना अनुचित है। उन्होंने कहा कि उस आयोजन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी मौजूद थे और वही इस विषय पर बेहतर जवाब दे सकते हैं।
हरीश रावत की नसीहत
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उत्तराखंड छोटा और संवेदनशील राज्य है। यहां जातीय, धार्मिक या क्षेत्रीय विद्वेष की राजनीति के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने नेताओं से स्वस्थ और सकारात्मक राजनीति अपनाने की अपील की।
हरक सिंह रावत का बयान
डॉ. हरक सिंह रावत ने भी चैंपियन के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि यदि उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों में सच्चाई होती तो जनता उन्हें भारी मतों से चुनाव नहीं जिताती। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि समाज चैंपियन को गंभीरता से नहीं लेता।
बढ़ती बयानबाजी से गरमाया माहौल
डांस पार्टी से जुड़ा यह विवाद अब प्रदेश की राजनीति में चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है। दोनों दलों के नेताओं के तीखे बयान आने के बाद सियासी माहौल और गरमा गया है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और बयान सामने आ सकते हैं।