देहरादून। राजधानी देहरादून में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस ने पुलिस मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। सुभाष रोड स्थित मुख्यालय तक पहुंचे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए और जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चकराता विधायक प्रीतम सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत समेत कई वरिष्ठ नेता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। नेताओं ने कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार हालात पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उनका आरोप है कि आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गुंजन हत्याकांड, अर्जुन हत्याकांड और अब विक्रम शर्मा की हत्या ने देहरादून की पहचान को गहरा आघात पहुंचाया है। शहर के पॉश इलाकों में शामिल राजपुर रोड पर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे हुए गोलीकांड से एक बार फिर राजधानी दहल उठी। बीते 11 दिनों में दिनदहाड़े हुई यह तीसरी हत्या है, जिससे पूरे शहर में दहशत का माहौल बना हुआ है।
हत्या की खबर फैलते ही दूनवासियों में चिंता और आक्रोश दोनों देखने को मिला। लोग सवाल उठा रहे हैं कि शांत और सुकून के लिए पहचाने जाने वाले देहरादून में अपराधी आखिर इतने निडर कैसे हो गए। लगातार हो रही वारदातों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
48 घंटे में दो हत्याओं के बाद बदला पुलिस नेतृत्व
लगातार बढ़ते अपराधों और जनाक्रोश के बीच पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। देहरादून में 48 घंटे के भीतर दो हत्याओं के बाद एसएसपी अजय सिंह को हटाकर एसएसपी एसटीएफ बनाया गया है। उनकी जगह हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल को देहरादून की कमान सौंपी गई है।
वहीं, एसटीएफ के एसएसपी नवनीत सिंह को हरिद्वार का नया एसएसपी बनाया गया है। इसके अलावा ऊधमसिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा को एसपी अभिसूचना नियुक्त किया गया है। उनकी जगह चंपावत के एसपी अजय गणपति कुम्भार को ऊधमसिंह नगर भेजा गया है, जबकि चंपावत की जिम्मेदारी अब पिथौरागढ़ की एसपी रेखा यादव को सौंपी गई है।
कांग्रेस ने साफ कहा है कि यदि प्रदेश में कानून व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।