औली में शीतकालीन खेलों की धूम, राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए 17 टीमें तैयार

औली में आज से शीतकालीन खेलों का रोमांच अपने चरम पर पहुंचने जा रहा है। राष्ट्रीय शीतकालीन चैंपियनशिप के तहत देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ सेना, आईटीबीपी और सीआरपीएफ की कुल 17 टीमें स्कीइंग प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए औली पहुंच चुकी हैं। बर्फ से ढकी पहाड़ियों के बीच खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

अभ्यास सत्र के साथ शुरू हुई तैयारियां

प्रतियोगिता से पहले गुरुवार को सभी टीमों ने पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए अलग स्लोप तैयार किया गया है, जहां पर्याप्त मात्रा में बर्फ उपलब्ध है। खिलाड़ियों ने स्लोप की गुणवत्ता और प्राकृतिक वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि औली स्कीइंग के लिए देश के बेहतरीन स्थलों में से एक है।

स्लोप का निरीक्षण, बर्फ की कमी दूर

जिन दो प्रमुख स्लोपों पर स्कीइंग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जानी हैं, उनका आयोजकों ने गहन निरीक्षण किया। जहां बर्फ पिघलने से कमी पाई गई, वहां अन्य स्थानों से बर्फ लाकर भराव किया जा रहा है। मुख्य स्लोप में बर्फ कम होने के कारण इस बार प्रतियोगिता आठ नंबर टावर से कराई जाएगी। गढ़वाल मंडल विकास निगम के स्कीइंग प्रशिक्षक प्रदीप मंद्रवाल ने बताया कि सभी स्लोप अंतरराष्ट्रीय तकनीकी मानकों के अनुसार तैयार कर लिए गए हैं।

खिलाड़ी बोले— पदक जीतने का लक्ष्य

औली पहुंचे खिलाड़ियों ने कहा कि वे प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हिमाचल प्रदेश की निताशा मेहर ने बताया कि वे स्की माउंटेनियरिंग स्पर्धा में भाग लेंगी और पदक जीतने के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं। उड़ीसा टीम की रंजीता बोहरा ने कहा कि औली की बर्फीली ढलानों पर खेलना हमेशा खास अनुभव रहता है। पंजाब के अजय ठाकुर और जम्मू-कश्मीर के वशीम भट ने भी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन का भरोसा जताया।

आयोजकों ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अजय भट्ट, सचिव राकेश रंजन भिलिंगवाल, आईटीबीपी औली से डिप्टी कमांडेंट नानक चंद, जीएमवीएन के अधिकारियों और अन्य पदाधिकारियों ने स्लोप, सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी मानकों और खिलाड़ियों की सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

ये टीमें ले रहीं हिस्सा

हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, हरियाणा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, उड़ीसा, गुजरात के अलावा सेना, आईटीबीपी और सीआरपीएफ सहित कुल 17 टीमें प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रही हैं।

प्रतियोगिता का कार्यक्रम

  • 13 फरवरी: उद्घाटन समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकल स्कीइंग डेमो, आईटीबीपी स्की एंड रेस्क्यू डेमो
  • 14 फरवरी: अल्पाइन स्कीइंग जाइंट स्लालोम (महिला-पुरुष), स्नोबोर्ड जाइंट स्लालोम
  • 15 फरवरी: अल्पाइन स्कीइंग स्लालोम (महिला-पुरुष), स्नोबोर्ड स्लालोम, स्की माउंटेनियरिंग स्प्रिंट
  • 16 फरवरी: पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह

विंटर कार्निवल बनेगा खास आकर्षण

राष्ट्रीय शीतकालीन प्रतियोगिताओं के साथ-साथ औली में विंटर कार्निवल का आयोजन भी किया जाएगा। जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़ के अनुसार, कार्निवल में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ स्नो शू रेस, स्नो मैराथन, बच्चों के स्नो गेम, योगा इन स्नो और नाइट स्कीइंग जैसे रोमांचक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जो पर्यटकों और खेल प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *