कोटद्वार में एक बार फिर हलचल: वायरल वीडियो के बाद बढ़ी सतर्कता, हिंदू रक्षा दल ने विरोध का किया एलान

कोटद्वार।
दुकान के नाम को लेकर हुए विवाद के बाद शांत होते नजर आ रहे कोटद्वार में एक बार फिर तनाव की स्थिति बनती दिखाई दे रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। इस वीडियो में हिंदू रक्षा दल ने जिम संचालक दीपक कुमार के विरोध में कोटद्वार पहुंचने का एलान किया है, जिसके बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है।

जानकारी के मुताबिक, हालिया विवाद के बाद कोटद्वार में हालात सामान्य हो रहे थे, लेकिन वायरल वीडियो के सामने आने से माहौल फिर से गरमा गया। वीडियो में हिंदू रक्षा दल के उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं से कोटद्वार पहुंचने का आह्वान किया गया है। संगठन का कहना है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा समाज को तोड़ने की कोशिश की जा रही है, जिसका विरोध जरूरी है।

स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं। उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश सीमा पर चेकिंग अभियान को और सख्त किया गया है, ताकि किसी भी बाहरी व्यक्ति की आवाजाही पर नजर रखी जा सके। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और लगातार निगरानी की जा रही है।

एएसपी कोटद्वार चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि सीमा क्षेत्रों में नियमित रूप से जांच की जा रही है और वायरल वीडियो को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की गई है। उन्होंने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। साथ ही भड़काऊ और समाज विरोधी सामग्री को सोशल मीडिया पर साझा न करने का आग्रह भी किया है।

वहीं, पूर्व सैनिकों सहित कई स्थानीय सामाजिक संगठनों ने भी बाहरी लोगों द्वारा कोटद्वार आकर माहौल बिगाड़ने की कोशिशों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि शहर की शांति और भाईचारा किसी भी कीमत पर बिगड़ने नहीं दिया जाना चाहिए।

फिलहाल प्रशासन हालात पर कड़ी नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सभी जरूरी तैयारियां की जा रही हैं, ताकि कोटद्वार में कानून व्यवस्था बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *