देहरादून में दिनदहाड़े गोलीकांड, तिब्बती मार्केट क्षेत्र में फैली दहशत
Dehradun Crime News: राजधानी देहरादून के तिब्बती मार्केट इलाके में दिनदहाड़े हुई हत्या की वारदात से हड़कंप मच गया। टेनिस खिलाड़ी और कारोबारी अर्जुन शर्मा की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद बाजार क्षेत्र में भय का माहौल है और दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपी बेहद इत्मीनान से एक दुकान के बाहर खड़े होकर सिगरेट पीते रहे। बताया जा रहा है कि हमलावर काफी देर से उसी स्थान पर मौजूद थे और अर्जुन के बाहर निकलने का इंतजार कर रहे थे।
टेनिस खेलकर निकले थे अर्जुन, पहले कार में रखा किटबैग
जानकारी के मुताबिक अर्जुन शर्मा टेनिस खेलने के बाद परेड ग्राउंड से बाहर निकले थे। उन्होंने अपनी कार में टेनिस का किटबैग रखा और इसके बाद पास ही फल खरीदने चले गए। फल लेकर लौटते समय पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें निशाना बना लिया।
सीने में मारी गोली, मौके से फरार हुए हमलावर
बदमाशों ने बेहद नजदीक से अर्जुन के सीने में गोली मारी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मौके पर केवल एक ही फायर की आवाज सुनाई दी। गोली लगते ही अर्जुन सड़क पर गिर पड़े और आरोपी तुरंत वहां से फरार हो गए। प्रारंभिक जांच में देसी तमंचे से फायर किए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी तकनीकी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
पत्नी की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ एफआईआर
मृतक की पत्नी अभिलाषा शर्मा की तहरीर पर डालनवाला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। एफआईआर में सास बीना शर्मा, सास के साथी कारोबारी विनोद उनियाल, विनोद की पत्नी संगीता उनियाल और एसके मेमोरियल हॉस्पिटल के डॉ. अजय खन्ना को नामजद किया गया है। सभी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
खून से सने अनानास बने घटना के गवाह
यह वारदात तिब्बती मार्केट के गेट नंबर सात और आठ के बीच हुई। फॉरेंसिक टीम के पहुंचने तक सड़क पर कटे हुए अनानास के टुकड़े खून से सने पड़े रहे। फल विक्रेता ने पुलिस को बताया कि अर्जुन ने अनानास खरीदते समय मोलभाव भी किया था और कहा था कि वह रोज उसी से फल खरीदा करेंगे।
खेलों के शौकीन, जिला स्तर पर खेल चुके थे अर्जुन
अर्जुन शर्मा को खेलों का विशेष शौक था। वे नियमित रूप से टेनिस खेलते थे और जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी भाग ले चुके थे। घटना के समय उनकी कार की पिछली सीट पर टेनिस किटबैग रखा हुआ था।
स्कूटी से भागे आरोपी, CCTV खंगाल रही पुलिस
हत्या के बाद आरोपी करीब 250 मीटर दूर बुद्धा चौक की ओर भागते हुए देखे गए। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में नीले रंग की स्कूटी पर सवार दो बदमाश वारदात के तुरंत बाद उसी दिशा में जाते नजर आ रहे हैं। आगे की जांच के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
गोलीकांड के बाद बाजार में पसरा सन्नाटा
घटना सुबह करीब 10:30 बजे हुई, जब बाजार में चहल-पहल शुरू हो रही थी। गोली चलने की खबर मिलते ही दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई और अधिकांश दुकानों के शटर गिरा दिए गए। पुलिस के पहुंचने पर भीड़ तितर-बितर हो गई, जबकि आसपास मौजूद लोग सहमे हुए नजर आए।
फिलहाल पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।