देहरादून: मुख्यमंत्री धामी ने सिनेमाहॉल में देखी ‘गोदान’, गौ संरक्षण पर आधारित फिल्म को बताया प्रेरणादायी, उत्तराखंड में टैक्स फ्री

देहरादून।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित सेन्ट्रियो मॉल के सिनेमाहॉल में गौ संरक्षण पर आधारित फिल्म गोदान का अवलोकन किया। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने इसे भारतीय संस्कृति, ग्राम्य जीवन और गौ-संवर्धन की परंपरा से जुड़ा एक अत्यंत सार्थक एवं प्रेरणादायी प्रयास बताया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता को विशेष स्थान प्राप्त है। गाय केवल आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, जैविक कृषि, पोषण और पर्यावरण संरक्षण की भी मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि ‘गोदान’ जैसी फिल्में समाज में गौ संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं।

सीएम धामी ने बताया कि गौ संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर आधारित इस फिल्म को राज्य सरकार ने उत्तराखंड में टैक्स फ्री किया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसे देख सकें और इससे जुड़े सकारात्मक संदेश का व्यापक प्रसार हो सके। उन्होंने कहा कि यह फैसला समाज को सकारात्मक दिशा देने वाली फिल्मों को प्रोत्साहित करने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने फिल्म से जुड़े निर्माता, निर्देशक और कलाकारों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की फिल्में न केवल मनोरंजन करती हैं, बल्कि समाज में जागरूकता और सांस्कृतिक चेतना को भी सशक्त बनाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *