देहरादून। राजधानी देहरादून के तिब्बती मार्केट क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना ने शहर को हिला कर रख दिया। अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में पुलिस उसे तुरंत दून अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के संचालक थे। घटना की पुष्टि प्रमोद कुमार (एसपी सिटी) ने की है।
स्कूटी पर आए हमलावर, वारदात के बाद फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कूटी सवार दो युवक तिब्बती मार्केट के सामने पहुंचे और अचानक अर्जुन शर्मा पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
लेनदेन और पारिवारिक व्यवसाय को लेकर विवाद की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का अपने पारिवारिक व्यवसाय और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी कारण उनकी माता ने पहले ही बेटे की जान को खतरा बताते हुए उच्च न्यायालय से सुरक्षा भी प्राप्त की थी। पुलिस इस एंगल से भी मामले की गहनता से जांच कर रही है।
इलाके में सघन चेकिंग, कई टीमें गठित
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। वारदात के बाद तिब्बती मार्केट और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। साथ ही पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।