उत्तराखंड: कानून व्यवस्था पर भड़की कांग्रेस, बेरोजगारी और महिला अपराध को लेकर 16 फरवरी को राजभवन कूच

देहरादून। उत्तराखंड में बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ते महिला अपराध और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने गुरुवार को देहरादून में आयोजित प्रेसवार्ता में सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए 16 फरवरी को राजभवन कूच का ऐलान किया।

प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। आए दिन अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार उन्हें रोकने में नाकाम साबित हो रही है। महिला सुरक्षा को लेकर हालात बेहद चिंताजनक हैं, वहीं युवाओं को रोजगार देने के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस जनता की आवाज को दबने नहीं देगी। “महिला अपराध, बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। इसी के विरोध में कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर 16 फरवरी को राजभवन कूच करेगी,” उन्होंने कहा।

कांग्रेस नेता ने बताया कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा और इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ कार्यकर्ता और आम नागरिक भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। उनका कहना था कि जब तक सरकार प्रदेश की जनता के मूलभूत सवालों पर जवाबदेही तय नहीं करती, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।

प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस ने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी दिनों में प्रदेशभर में जनजागरण अभियान चलाकर सरकार की नीतियों और विफलताओं को जनता के सामने रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *