उत्तराखंड मौसम अपडेट: बारिश के बाद लौटी ठंड, पांच जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में आज बर्फबारी की संभावना

देहरादून।
उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर बदल गया है। बीते तीन दिनों तक साफ रहने के बाद रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छा गए और हल्की बारिश हुई। बारिश के चलते मैदानी क्षेत्रों में ठंड का असर बढ़ गया, हालांकि तापमान में कोई खास गिरावट दर्ज नहीं की गई।

इस बीच राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। केंद्र की ओर से संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर जानकारी दी गई है कि राज्य के पांच जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आज बर्फबारी के आसार हैं।

पत्र के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में आज शाम पांच बजे तक बर्फबारी हो सकती है। सुरक्षा को देखते हुए इन क्षेत्रों में अस्थायी रूप से रह रहे लोगों को एक-दो दिन के लिए निचले इलाकों में जाने की सलाह दी गई है। साथ ही प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने और आपात स्थितियों से निपटने की पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मसूरी में बारिश के साथ गिरे बर्फ के फव्वारे

पर्यटन नगरी मसूरी में भी रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से ही घने बादल छाए रहे और दोपहर बाद बारिश शुरू हो गई। देर शाम शहर में बर्फ के फव्वारे गिरने से ठंड और बढ़ गई। रविवार को मसूरी का अधिकतम तापमान करीब पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ठंड बढ़ने के कारण शहर के बाजारों और चौक-चौराहों पर लोग अलाव तापते नजर आए। मौसम में आए इस बदलाव से मसूरी समेत आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक बार फिर बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतें और अनावश्यक यात्रा से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *