मसूरी।
मसूरी के चार दुकान रोड पर शुक्रवार को एक सड़क हादसा हो गया, जहां एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग को तोड़ते हुए खाई में जा गिरा। वाहन में चालक सहित दो लोग सवार थे। सौभाग्य से इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और दोनों व्यक्ति सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिटी कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि चार दुकान रोड पर एक वाहन सड़क से नीचे गिर गया है और उसमें आग लगने की संभावना जताई जा रही है। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में एक टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने पाया कि पिकअप वाहन संख्या UK 09 CA 1086 चार दुकान से आगे सड़क से नीचे खाई में गिरा हुआ था। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि वाहन में किसी भी प्रकार की आग नहीं लगी थी। दुर्घटना में वाहन सवार दोनों व्यक्तियों को कोई चोट नहीं आई है।
पुलिस द्वारा मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया गया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चार दुकान रोड पर तीखे मोड़ और संकरी सड़क के कारण आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की जरूरत है।