श्यामपुर में गोवंश के अवशेष मिलने से आक्रोश, हिंदू संगठनों ने पुलिस चौकी का किया घेराव

ऋषिकेश। श्यामपुर क्षेत्र में गोवंश के कटे हुए अवशेष मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश देखा गया। नाराज कार्यकर्ताओं ने श्यामपुर पुलिस चौकी का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि श्यामपुर गुज्जर प्लॉट इलाके में इससे पहले भी गोवंश के अवशेष मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन मामलों की जानकारी समय रहते पुलिस को दी गई थी, लेकिन आरोप है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।

कार्यकर्ताओं के अनुसार, ताजा मामले में एक गाय के बछड़े को बेरहमी से मारकर उसके पैर काट दिए गए और शव को सड़क पर फेंक दिया गया। इस घटना से क्षेत्रवासियों में भारी रोष फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

हिंदू संगठनों ने प्रशासन से मांग की कि गोवंश की हत्या में शामिल आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए पुलिस चौकी के बाहर तनावपूर्ण माहौल बना रहा। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *