उत्तराखंड: यूकेएसएसएससी की भर्ती में सख्ती, दस्तावेज सत्यापन में गैरहाजिर 204 अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी रद्द

देहरादून। उत्तराखंड में समूह-ग पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया के तहत महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने प्रमाणपत्र सत्यापन के लिए उपस्थित न होने वाले 204 अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया से बाहर कर दिया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि तय समयसीमा में दस्तावेजों की जांच न कराने वाले अभ्यर्थियों की दावेदारी स्वतः समाप्त मानी गई है।

आयोग के अनुसार विभिन्न विभागों में डाटा एंट्री ऑपरेटर, कनिष्ठ सहायक, कंप्यूटर सहायक, स्वागती, मेट, कार्यपर्यवेक्षक और आवास निरीक्षक समेत कई समूह-ग पदों के लिए लिखित परीक्षा 19 जनवरी को आयोजित की गई थी। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए आगे टाइपिंग टेस्ट और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी कराई गई।

टाइपिंग टेस्ट के लिए मेरिट सूची 28 मार्च को जारी की गई थी। इसके आधार पर 18 अगस्त से 5 सितंबर के बीच टाइपिंग परीक्षा आयोजित हुई। इसके बाद आयोग ने 27 नवंबर को अभिलेख सत्यापन के लिए 1141 अभ्यर्थियों की सूची जारी कर उन्हें बुलाया।

दस्तावेज सत्यापन एक दिसंबर 2025 से एक जनवरी 2026 के बीच कराया गया। जिन अभ्यर्थियों ने अपरिहार्य कारण बताए, उन्हें एक जनवरी को अंतिम अवसर भी दिया गया था। इसके बावजूद 1141 में से केवल 937 अभ्यर्थी ही सत्यापन के लिए पहुंचे, जबकि 204 अनुपस्थित रहे।

आयोग ने अनुपस्थित सभी अभ्यर्थियों को भर्ती से बाहर कर दिया है और कहा है कि भर्ती प्रक्रिया में निर्धारित तिथियों का पालन अनिवार्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *