हैदराबाद। उत्तराखंड ने विमानन क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से हैदराबाद में आयोजित अंतरराष्ट्रीय विमानन सम्मेलन एवं प्रदर्शनी विंग्स इंडिया-2026 में राज्य को ‘बेस्ट स्टेट प्रमोशन ऑफ एविएशन इको सिस्टम’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान विमानन क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा किए गए प्रभावी प्रयासों, नीतिगत सहयोग और मजबूत एविएशन इको सिस्टम के निर्माण के लिए प्रदान किया गया।
इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के जरिए उत्तराखंड को देश के अग्रणी विमानन-अनुकूल राज्यों में शामिल किया गया है। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू और मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा ने राज्य के प्रतिनिधियों को यह सम्मान सौंपा।
समारोह में उत्तराखंड सरकार की ओर से नागरिक उड्डयन सचिव सचिन कुर्वे, यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आशीष चौहान, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय सिंह टोलिया और हेड ऑफ ऑपरेशंस कैप्टन अमित शर्मा उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने इसे राज्य के लिए गर्व का क्षण बताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह पुरस्कार उत्तराखंड की समग्र विमानन नीति, प्रशासनिक समन्वय और हवाई संपर्क को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई सेवाओं से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिला है और आपदा प्रबंधन के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में हेली सेवाओं का विस्तार, उड़ान योजना का सफल क्रियान्वयन और आधुनिक विमानन अवसंरचना का विकास किया गया है। इन प्रयासों के चलते उत्तराखंड तेजी से एक उभरते हुए विमानन हब के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।
राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान से उत्तराखंड के एविएशन सेक्टर को नई ऊर्जा मिलने के साथ-साथ राज्य में निवेश, पर्यटन और हवाई कनेक्टिविटी के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।