महाराष्ट्र: कूरियर के जरिए सोने की तस्करी का भंडाफोड़, 2.89 करोड़ का सोना जब्त; दो आरोपी गिरफ्तार

राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने कूरियर के माध्यम से सोने की तस्करी की एक नई कोशिश को नाकाम कर दिया है। डीआरआई अधिकारियों ने सऊदी अरब के रियाद से मुंबई के इंटरनेशनल कूरियर टर्मिनल पहुंचे एक पार्सल से विदेशी मूल का 1.815 किलोग्राम सोना बरामद किया है। जब्त किए गए सोने की बाजार कीमत करीब 2.89 करोड़ रुपये आंकी गई है।

जांच में सामने आया कि तस्करों ने सोने को मीट ग्राइंडर मशीन के अंदर बेहद चतुराई से छिपाया था। पार्सल की गहन जांच के दौरान मशीन को खोलने पर उसके अंदर लगे गियर को तोड़ा गया, जहां से सोने के 32 कटे हुए टुकड़े बरामद हुए। सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत डीआरआई ने सोने के साथ-साथ उसे छिपाने में इस्तेमाल की गई मशीन को भी जब्त कर लिया है।

डीआरआई ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक व्यक्ति कूरियर पार्सल लेने वाला था, जबकि दूसरा आरोपी शिपमेंट की मंजूरी के लिए आवश्यक दस्तावेजों और केवाईसी की व्यवस्था कर रहा था।

डीआरआई अधिकारियों का कहना है कि यह मामला दर्शाता है कि सोने की तस्करी में शामिल गिरोह जांच एजेंसियों से बचने के लिए लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। एजेंसी ने अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रखने और देश की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *