देहरादून।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस अवसर पर सूचना विभाग की ओर से विशेष झांकी प्रस्तुत की जाएगी, जिसमें उत्तराखंड की धार्मिक, सांस्कृतिक और विकास यात्रा को जीवंत रूप में दर्शाया जाएगा। झांकी का निर्माण कार्य परेड ग्राउंड में चल रहा है, जिसे विभाग के संयुक्त निदेशक एकेएस चौहान की देखरेख में तैयार किया जा रहा है।
सूचना विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने बताया कि इस वर्ष की झांकी विभाग की रजत जयंती, शीतकालीन धार्मिक यात्रा और पर्यटन की थीम पर आधारित है। झांकी के प्रथम भाग में मुखवा स्थित गंगा मंदिर को प्रदर्शित किया गया है, जो मां गंगा का शीतकालीन प्रवास स्थल माना जाता है। वहीं, अग्रिम केबिन में उत्तराखंड के गठन के 25 गौरवशाली वर्षों की उपलब्धियों और विकास यात्रा को दर्शाया गया है।
झांकी के ट्रेलर भाग में उत्तराखंड को आयुर्वेद के अग्रणी राज्य के रूप में प्रस्तुत किया गया है। इसके साथ ही राज्य सरकार की होम स्टे योजना को भी झांकी में स्थान दिया गया है, जो पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ रही है। इसके बाद खरसाली स्थित यमुना मंदिर को प्रदर्शित किया गया है, जो मां यमुना का शीतकालीन धाम है।
झांकी के अंतिम हिस्से में उठते हुए स्तंभों के माध्यम से उत्तराखंड की वर्ष-दर-वर्ष होती प्रगति को दर्शाया गया है, जो राज्य के सतत विकास का प्रतीक है। वहीं, झांकी के पार्श्व भाग में प्रदेश में लागू किए गए नए कानूनों और नीतिगत सुधारों की झलक भी दिखाई गई है।
सूचना विभाग की यह झांकी राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह का प्रमुख आकर्षण मानी जा रही है। उल्लेखनीय है कि परेड ग्राउंड देहरादून में सूचना विभाग द्वारा पिछले 15 वर्षों से लगातार झांकी का आयोजन किया जा रहा है। वर्ष 2024 और 2025 में सूचना विभाग की झांकी को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है, जिससे इस बार भी बेहतर प्रस्तुति की उम्मीद की जा रही है।