शंकराचार्य के अपमान के विरोध में देहरादून में उतरेगा संत समाज, 31 जनवरी को चारधाम तीर्थ पुरोहित महापंचायत की रैली

देहरादून। प्रयागराज माघ मेले के दौरान ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के कथित अपमान के विरोध में चारधाम तीर्थ पुरोहित महापंचायत और विभिन्न सामाजिक–धार्मिक संगठनों ने विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। इस कड़ी में 31 जनवरी को देहरादून में गांधी पार्क से जिलाधिकारी कार्यालय तक रैली निकालकर विरोध जताया जाएगा।

शुक्रवार को आयोजित बैठक में चारधाम तीर्थ पुरोहित महापंचायत सहित कई संगठनों के प्रतिनिधियों ने शंकराचार्य के अपमान की कड़े शब्दों में निंदा की। वक्ताओं ने कहा कि यह घटना न केवल एक संत विशेष, बल्कि सनातन संस्कृति और उसकी परंपराओं के सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

चारधाम महापंचायत के मीडिया प्रभारी रजनीकांत सेमवाल ने बताया कि प्रयागराज की घटना से सनातन धर्म को मानने वाले लोग आहत हैं। इसी के विरोध में 31 जनवरी को शांतिपूर्ण रैली निकाली जाएगी। रैली के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की मांग की जाएगी।

इस विरोध रैली को गौ क्रांति मंच, गौ सांसद, परशुराम अखाड़ा हरिद्वार, मूल निवास भू-कानून समिति, युवा आह्वान, पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति, पहाड़ स्वाभिमान और देवभूमि युवा संगठन सहित कई संगठनों का समर्थन प्राप्त है।

बैठक में उत्तराखंड चारधाम तीर्थ पुरोहित महापंचायत के महासचिव डॉ. बृजेश सती, गौ क्रांति मंच एवं गौ सांसद अनुसूया प्रसाद उनियाल, वरिष्ठ अधिवक्ता संदीप चमोली, केदार सभा एवं महापंचायत के उपाध्यक्ष संतोष त्रिवेदी, मूल निवास भू-कानून समिति के संयोजक लूसुन तोड़रिया, युवा आह्वान के संस्थापक रोहित ध्यानी, पौड़ी बचाओ अभियान के नमन चंदोला, आशीष नौटियाल, महापंचायत प्रवक्ता प्रशांत डिमरी और युवा स्वाभिमान सेना के पंकज उनियाल समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

संगठनों ने स्पष्ट किया कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *