चमोली। चतुर्थ केदार रुद्रनाथ मंदिर के कपाट खुलने की तिथि पंचांग पूजा और पारंपरिक गणना के बाद घोषित कर दी गई है। मंदिर के कपाट आगामी 18 मई को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे। यह घोषणा शुक्रवार को गोपीनाथ मंदिर परिसर में विधिवत धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात की गई।
पपड़ियाणा गांव के पंडित दिनेश चंद्र थपलियाल ने सुबह नौ बजे पंचांग पूजा संपन्न कराते हुए बताया कि 18 मई को दोपहर 12 बजकर 57 मिनट पर रोहिणी नक्षत्र में रुद्रनाथ मंदिर के कपाट विधिवत खोले जाएंगे।
मंदिर के पुजारी हरीश भट्ट ने जानकारी दी कि 15 मई (ज्येष्ठ संक्रांति) को रुद्रनाथ की उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल गोपीनाथ मंदिर के गर्भगृह से बाहर लाई जाएगी। डोली को 15 और 16 मई को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मंदिर परिसर में रखा जाएगा।
17 मई को प्रातः आठ बजे उत्सव डोली ल्वींठी खर्क के लिए प्रस्थान करेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। इसके पश्चात 18 मई को डोली रुद्रनाथ मंदिर के लिए रवाना होकर दोपहर 12 बजे मंदिर परिसर पहुंचेगी। निर्धारित शुभ मुहूर्त 12:57 बजे कपाट खोलकर पूजा-अर्चना संपन्न की जाएगी।
कपाट खुलने की तिथि घोषित होते ही क्षेत्र में श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। आगामी यात्रा को लेकर मंदिर समिति और प्रशासन द्वारा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।