हरिद्वार। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह बुधवार देर शाम हरिद्वार पहुंच गए। उनके आगमन पर जूना अखाड़ा महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज ने उनका स्वागत किया और शिष्टाचार भेंट की। गृह मंत्री पतंजलि योगपीठ में विश्राम करेंगे और गुरुवार को जनपद में आयोजित तीन अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
गृह मंत्री के हरिद्वार दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिला और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम स्थलों के साथ-साथ शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, गुरुवार सुबह 10 बजे गृह मंत्री अमित शाह पतंजलि योगपीठ, महर्षि दयानंद ग्राम स्थित पतंजलि इमरजेंसी एंड क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद सुबह 10:45 बजे वह गायत्री तीर्थ शांतिकुंज पहुंचकर अखंड ज्योति के दर्शन करेंगे।
इसके उपरांत सुबह 11:15 बजे गृह मंत्री बैरागी द्वीप, कनखल में माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी एवं अखंड दीप शताब्दी वर्ष के अवसर पर गायत्री परिवार की ओर से आयोजित शताब्दी वर्ष समारोह 2026 में शामिल होंगे। इन सभी कार्यक्रमों में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति भी रहेगी।
प्रशासन का कहना है कि गृह मंत्री के दौरे को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।