अरुणाचल प्रदेश में मातृभूमि की रक्षा करते हुए रुद्रप्रयाग का जवान शहीद, कल सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई

अरुणाचल प्रदेश में देश की रक्षा करते हुए उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद के वीर सपूत हवलदार रविन्द्र सिंह (36) शहीद हो गए। वे भारतीय सेना की 15 गढ़वाल राइफल्स में तैनात थे और अरुणाचल प्रदेश के अलोंग क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए। शहीद जवान के बलिदान की सूचना मिलते ही पूरे जनपद में शोक की लहर दौड़ गई।

शहीद हवलदार रविन्द्र सिंह रुद्रप्रयाग जनपद के दशज्यूला क्षेत्र स्थित आगर गांव के निवासी थे। वे अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। परिवारजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, शहीद जवान का पार्थिव शरीर सोमवार देर रात रुद्रप्रयाग स्थित आर्मी कैंप लाया गया। मंगलवार, 20 जनवरी को सुबह सात बजे सैन्य सम्मान के साथ पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके पैतृक गांव आगर, दशज्यूला ले जाया जाएगा। इसके पश्चात रुद्रप्रयाग संगम पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

ग्राम प्रधान आगर चन्द्रकला देवी ने शहीद के बलिदान पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। सामाजिक कार्यकर्ता पंकज सिंह ने बताया कि रविन्द्र सिंह वर्ष 2008 में 15 गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हुए थे और अपने सरल, सौम्य और मधुर व्यवहार के कारण गांव में सभी के प्रिय थे। जिला पंचायत सदस्य सारी जयवर्धन कांडपाल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों व सामाजिक संगठनों ने शहीद जवान के बलिदान को नमन करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *