उत्तरकाशी: यमुनोत्री हाईवे के पास गुलदार का हमला, बकरी चरा रहे दो ग्रामीण गंभीर घायल

उत्तरकाशी।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गुलदार के हमले की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यमुनोत्री हाईवे के समीप बर्नीगाड गंगनानी धारा क्षेत्र के जंगलों में बकरी चरा रहे जरड़ा गांव के दो ग्रामीणों पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में दोनों ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार, जरड़ा गांव निवासी अभी सिंह पुत्र राम सिंह और पीनाठिया सिंह पुत्र कौंर सिंह यमुनोत्री हाईवे पर स्थित गंगनानी धारा के पास बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक अभी सिंह पर झपट्टा मार दिया। अपने साथी को बचाने के लिए पीनाठिया सिंह आगे बढ़े तो गुलदार ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे दोनों को गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद दोनों ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिस पर गुलदार जंगल की ओर भाग गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता प्रताप चौहान ने बताया कि इस क्षेत्र में गुलदार के हमले की यह पहली घटना है। घटना के बाद बर्नीगाड कस्बे और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

उप प्रभागीय वनाधिकारी, अपर यमुना वन प्रभाग साधु लाल पलियाल ने बताया कि घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। नियमानुसार पीड़ितों को मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही, क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जल्द ही गश्ती टीम तैनात की जाएगी। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और जंगल के आसपास अकेले न जाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *