देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास परिसर में 17 प्रजातियों के चार हजार ट्यूलिप उगाने की विशेष मुहिम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने परिवार के साथ उद्यान में ट्यूलिप के बल्ब स्वयं रोपकर अभियान की शुरुआत की।
इस अभियान के तहत लेक पर्पल और बाईकलर जैसी आकर्षक रंगत वाली ट्यूलिप प्रजातियों को भी शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्यूलिप जैसे उच्च गुणवत्ता वाले पुष्पों की खेती से प्रदेश में बागवानी को बढ़ावा मिलेगा और किसानों के लिए आय के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्तराखंड में ट्यूलिप पुष्प के व्यावसायिक उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए एक समग्र कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने पुष्प उत्पादन और बागवानी के क्षेत्र में नवाचार अपनाने पर भी विशेष बल दिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने उद्यान प्रभारी दीपक पुरोहित से ट्यूलिप उत्पादन, उनकी देखरेख और संभावनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। साथ ही मुख्यमंत्री आवास परिसर में संचालित मशरूम उत्पादन, मौनपालन और अन्य बागवानी से जुड़े कार्यों की भी जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की पहल न केवल प्रदेश की हरियाली और सौंदर्य को बढ़ाएगी, बल्कि बागवानी आधारित स्वरोजगार को भी मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उत्तराखंड ट्यूलिप उत्पादन के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।