मसूरी के लैंडौर निवासी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्यातिप्राप्त अंग्रेजी लेखक रस्किन बॉन्ड को शनिवार को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते देहरादून के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि उन्हें पैरों में दर्द और चलने-फिरने में परेशानी हो रही थी, जिसके बाद परिजनों ने डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।
रस्किन बॉन्ड के पोते राकेश बॉन्ड ने जानकारी देते हुए बताया कि लेखक की हालत फिलहाल स्थिर है और वे पूरी तरह खतरे से बाहर हैं। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है और उनकी सेहत में लगातार सुधार देखा जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है और अगर स्वास्थ्य में इसी तरह सुधार बना रहा तो उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, उम्र से जुड़ी सामान्य स्वास्थ्य दिक्कतों को देखते हुए एहतियातन उन्हें भर्ती किया गया था। फिलहाल किसी प्रकार की गंभीर चिंता की बात नहीं है। उनकी तबीयत में सुधार की खबर मिलते ही उनके प्रशंसकों और साहित्य प्रेमियों ने राहत जताई है।
गौरतलब है कि रस्किन बॉन्ड भारतीय और अंतरराष्ट्रीय साहित्य जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं। उनकी कहानियां और उपन्यास बच्चों से लेकर वयस्क पाठकों तक समान रूप से लोकप्रिय हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर आई इस खबर के बाद देशभर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाएं मिल रही हैं।