देहरादून: अजय बटेजा हत्याकांड का खुलासा, पश्चिमी यूपी का कुख्यात शार्प शूटर जैकी गिरफ्तार

देहरादून के चर्चित अजय बटेजा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। करीब एक साल पहले राजपुर थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात शार्प शूटर रजत उर्फ जैकी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पर पश्चिमी यूपी के कई जिलों में लूट, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास समेत दो दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक 26 मई 2025 को राजपुर थाना क्षेत्र के कृष्णा विहार, जाखन निवासी अजय बटेजा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शुरुआती तौर पर मामले को आत्महत्या दर्शाने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस की जांच में मामला हत्या का निकला।

घटना की जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से कई अहम सुराग जुटाए। जांच में सामने आया कि मुजफ्फरनगर जेल में बंद शातिर अपराधी रजत उर्फ जैकी इस हत्याकांड में शामिल था।

इसके बाद पुलिस ने 19 मई 2026 को मुजफ्फरनगर के खालापार क्षेत्र से आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने सुपारी लेकर हत्या करने की बात कबूल कर ली।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि संपत्ति विवाद के चलते मृतक के सौतेले भाई अमित बटेजा ने अजय बटेजा की हत्या की साजिश रची थी। आरोप है कि अमित ने रजत उर्फ जैकी को हत्या की सुपारी दी थी। आरोपी ने अपनी प्रेमिका और अन्य साथियों के साथ मिलकर पूरी योजना तैयार की और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार हत्या के बाद मामले को आत्महत्या साबित करने की कोशिश की गई थी, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। वहीं इस मामले में फरार चल रहे अमित बटेजा, हुमेरा उर्फ जोया और अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *