हरिद्वार में कुआं खोदते समय हादसा, मलबे में दबा बुजुर्ग; बचाव कार्य जारी

हरिद्वार: जनपद के श्यामपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कांगड़ी ग्राम पंचायत में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। हैंडपंप लगाने के लिए कुआं खोदने के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से एक बुजुर्ग व्यक्ति मलबे में दब गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, वहीं पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांगड़ी निवासी मनोहर (पुत्र पूर्ण सिंह) अपने घर के पास हैंडपंप लगाने के लिए करीब 25 फीट गहरा गड्ढा खोद रहे थे। इसी दौरान वह पाइप सेट करने के लिए गड्ढे में नीचे उतरे हुए थे, तभी अचानक ऊपर से भारी मात्रा में मिट्टी भरभराकर गिर गई और उन्हें अपने साथ दबा लिया।

घटना के समय मौजूद लोगों ने बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर तुरंत आसपास के ग्रामीणों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही श्यामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया।

फिलहाल, बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार मलबा हटाने का कार्य जारी है। प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पूरे गांव में घटना को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *