विकासनगर: तेज रफ्तार खनन डंपरों की टक्कर से बड़ा हादसा, पशुपालक की आजीविका पर संकट
देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में शुक्रवार तड़के खनन डंपरों की लापरवाही से बड़ा हादसा हो गया। बल्लूपुर–पांवटा फोरलेन हाईवे पर तेज गति से आ रहे दो खनन डंपरों ने सड़क पर जा रहे मवेशियों को टक्कर मारकर रौंद दिया। दुर्घटना में पांच भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन भैंस और एक गाय गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के मुताबिक, कल्याणपुर निवासी वन गुर्जर यूसुफ अपने 15 मवेशियों को हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब से वापस अपने डेरे की ओर लेकर आ रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे आदूवाला स्थित मित्रा ढाबा के पास धर्मावाला की ओर से आ रहे दो तेज रफ्तार डंपरों ने मवेशियों को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भयावह था कि पांच भैंसों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं तीन भैंस और एक गाय गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के दौरान पशुपालक यूसुफ भी डंपरों की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
सूचना मिलते ही हरबर्टपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह गुसाईं ने बताया कि शीशमबाड़ा से पशु चिकित्सकों की टीम को बुलाकर घायल पशुओं का उपचार कराया गया। बाद में सभी घायल मवेशियों को आगे इलाज के लिए गोसदन भेज दिया गया।
पुलिस ने दोनों खनन डंपरों को कब्जे में लेकर चौकी में खड़ा करवा दिया है। अधिकारियों के अनुसार, अभी तक पशुपालक की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित पशुपालक यूसुफ ने बताया कि मवेशी ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन हैं। एक साथ पांच मवेशियों की मौत और अन्य के घायल होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।