विकासनगर क्षेत्र के सहसपुर अंतर्गत भदराज ट्रेकिंग रूट पर ट्रेकिंग के दौरान दस युवक जंगल में रास्ता भटककर फंस गए। अंधेरा होने के बाद संपर्क टूटने की स्थिति में युवकों ने पुलिस से मदद मांगी, जिसके बाद दून पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, सभी युवक भदराज ट्रेकिंग रूट पर भ्रमण के उद्देश्य से गए थे। शाम ढलने के साथ ही जंगल में अंधेरा बढ़ गया, जिससे वे अपने निर्धारित मार्ग से भटक गए और जंगल के भीतर फंस गए। युवकों द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई सूचना के बाद रात में ही थाना सहसपुर को मामले से अवगत कराया गया।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक सहसपुर ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ पुलिस टीम को मौके के लिए रवाना किया। पुलिस टीम ने कोटी क्षेत्र में पहुंचकर वन विभाग के वीट अधिकारी तथा स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने कोटी गांव से लगभग तीन किलोमीटर ऊपर जंगल में फंसे सभी दस युवकों को देर रात सकुशल खोज निकाला। रेस्क्यू के बाद सभी युवकों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें उनकी स्थिति सामान्य पाई गई। इसके बाद सभी को सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
दून पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक संभावित हादसा टल गया। पुलिस प्रशासन ने ट्रेकिंग पर जाने वाले युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्ग का पालन करें, आवश्यक सुरक्षा उपकरण साथ रखें और अंधेरा होने से पहले ट्रेक पूरा कर सुरक्षित लौटें।