उत्तरकाशी।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद में देर रात भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे कुछ समय के लिए लोगों में हल्की दहशत देखी गई। हालांकि जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।
जानकारी के अनुसार, रात 10 बजकर 05 मिनट पर उत्तरकाशी जनपद मुख्यालय में भूकंप के झटके महसूस किए गए। झटकों की सूचना मिलते ही जिला आपदा नियंत्रण कक्ष सक्रिय हो गया और तुरंत आईएमडी देहरादून को इसकी जानकारी दी गई।
मौसम विभाग की ओर से बताया गया कि भूकंप की तीव्रता बहुत कम होने के कारण यह उनके सिस्टम में दर्ज नहीं हो सका। प्रशासन के अनुसार, यह सामान्य भूगर्भीय गतिविधि रही और इससे किसी भी प्रकार का खतरा उत्पन्न नहीं हुआ।
इसके बाद प्रशासन ने जनपद की सभी तहसीलों से स्थिति की जानकारी ली। चिन्यालीसौड़, डुण्डा, भटवाड़ी, मोरी, पुरोला और बड़कोट तहसील क्षेत्रों से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, वहां कहीं भी भूकंप के झटके महसूस नहीं किए गए। सभी स्थानों पर स्थिति सामान्य बनी हुई है।
जिला प्रशासन ने बताया कि जनपद की सभी तहसील क्षेत्रों में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी तरह की आपात स्थिति नहीं है। नागरिकों से अफवाहों से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
फिलहाल उत्तरकाशी जिले में हालात सामान्य हैं और प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।