उत्तरकाशी। सोमवार को उत्तरकाशी जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर कोर्ट परिसर में बम और आरडीएक्स लगाए जाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। मेल में करीब 12 किलो आरडीएक्स बम होने का दावा किया गया, जिसके बाद न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने तुरंत खाली कराया परिसर
धमकी की सूचना मिलते ही न्यायालय प्रशासन ने पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद पुलिस ने एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा दिया। सुरक्षा कारणों से कोर्ट रोड पर वाहनों की आवाजाही भी अस्थायी रूप से रोक दी गई। मौके पर भारी पुलिस बल के साथ अग्निशमन दस्ता भी तैनात रहा।
बम निरोधक दस्ता और एसटीएफ मौके पर
मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून से बम निरोधक दस्ता बुलाया गया। इसके साथ ही एसटीएफ और खुफिया एजेंसियों ने भी कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई देर शाम तक जारी रही, हालांकि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
नगर कोतवाली में दर्ज हुआ मुकदमा
एसपी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि जिला न्यायालय की ई-मेल आईडी पर धमकी मिलने के बाद नगर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ई-मेल किस स्थान से और किसने भेजा, इसकी तकनीकी जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कुछ समय बाधित रही न्यायिक कार्यवाही
सुरक्षा कारणों से न्यायालय की कार्यवाही कुछ समय के लिए प्रभावित रही। तलाशी अभियान पूरा होने और स्थिति सामान्य होने के बाद ही परिसर में प्रवेश की अनुमति दी गई।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।