उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को उत्तरकाशी जनपद के चिन्यालीसौड़ पहुंचे। यहां उन्होंने राज्य सरकार के जनसंपर्क कार्यक्रम ‘जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार’ में शिरकत की और जनसभा को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य आम जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में भी विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
चारधाम यात्रा होगी अधिक सुगम और व्यवस्थित
सीएम धामी ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा को और अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड एक आपदा संभावित राज्य है और यहां प्राकृतिक चुनौतियां आती रहती हैं, लेकिन राज्य सरकार हर स्थिति से मजबूती से निपट रही है।
चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी को लेकर बड़ा ऐलान
मुख्यमंत्री ने जनसभा में चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि इसका संचालन सेना के माध्यम से कराया जाएगा। इससे सामरिक दृष्टि से क्षेत्र को मजबूती मिलेगी और आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी आएगी।
उन्होंने कहा कि हवाई पट्टी के संचालन से आपात स्थिति में सुरक्षा बलों और राहत सामग्री की त्वरित आवाजाही संभव हो सकेगी।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।