Uttarakhand: यूट्यूबर अनुराग डोभाल का रोते हुए वीडियो वायरल, परिवार पर लगाए गंभीर आरोप

देहरादून। उत्तराखंड के प्रसिद्ध यूट्यूबर और बिग बॉस के पूर्व प्रतिभागी अनुराग डोभाल का एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में अनुराग रोते हुए दिखाई दे रहे हैं और उन्होंने अपने माता-पिता पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।

मानसिक तनाव से जूझने की बात कही

वीडियो में अनुराग डोभाल ने कहा कि वह काफी समय से मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने हमेशा अपने परिवार के लिए मेहनत की और उनकी जिम्मेदारियां उठाईं, लेकिन अब हालात ऐसे बन गए हैं कि उन्हें यह सब सहन करना मुश्किल हो रहा है।

उत्तराखंड के डोईवाला निवासी अनुराग ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में कई संघर्षों का सामना किया है, लेकिन वर्तमान स्थिति ने उन्हें अंदर से तोड़ दिया है।

बीमारी से जंग का भी किया जिक्र

अनुराग डोभाल ने अपने पुराने संघर्षों को याद करते हुए बताया कि जब वह 14 साल के थे, तब उन्हें ब्रेन ट्यूमर होने का पता चला था। उस कठिन दौर में उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और बीमारी से लड़ते हुए आगे बढ़े।

उन्होंने कहा कि उस समय से ही उनके मन में अपने माता-पिता के लिए कुछ बड़ा करने का सपना था और इसी उद्देश्य से उन्होंने कड़ी मेहनत कर सोशल मीडिया पर अपनी पहचान बनाई।

पत्नी के अलग होने की बात भी कही

वीडियो में अनुराग ने यह भी बताया कि उनकी पत्नी रितिका उनसे अलग हो गई हैं। उन्होंने कहा कि रितिका से उनकी मुलाकात सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। शुरुआत में वह उनकी फैन थीं और बाद में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।

करीब दो साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया। अनुराग के अनुसार, उनका परिवार इंटरकास्ट मैरिज के खिलाफ था और शादी से छह दिन पहले ही परिवार के लोगों ने समारोह में शामिल होने से मना कर दिया था।

फैंस में बढ़ी चिंता

वीडियो के अंत में अनुराग ने भावुक होकर कहा कि यदि इस मानसिक तनाव के कारण उनके साथ कुछ भी होता है तो इसके लिए उनके माता-पिता और भाई जिम्मेदार होंगे।

वीडियो वायरल होने के बाद उनके प्रशंसकों में चिंता बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें हिम्मत रखने और सकारात्मक बने रहने की सलाह दे रहे हैं। वहीं, इस पूरे मामले में अब तक उनके परिवार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *